अलीगढ़ के लाल देवेंद्र चौधरी का बढ़ा मान: अब विश्व मंच पर रोशन करेंगे देश का नाम : सम्मान समारोह में दिखा देश प्रेम का रंग: तिरंगे वाले मोमेंटो के साथ भव्य स्वागत

अलीगढ़। विश्व स्तरीय मुक्केबाजी मुकाबले के लिए भारतीय टीम में अलीगढ़ की तहसील इगलास के गांव छैछऊ निवासी प्रतिभाशाली मुक्केबाज देवेंद्र चौधरी के चयन पर कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। देवेंद्र के सम्मान को लेकर युवा खिलाड़ियों और बॉक्सरों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे समारोह में देशप्रेम और खेल भावना का अनूठा संगम नजर आया।
समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज लगे मोमेंटो से देवेंद्र चौधरी के साथ-साथ अतिथियों एवं विशिष्टजनों को भी सम्मानित किया गया। वहीं, देवेंद्र चौधरी को 11 किलो की फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया, जो समारोह में आकर्षण का केंद्र रही।कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त आकाशवाणी अधिकारी पी.एल. पिप्पल ने की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि देवेंद्र चौधरी की उपलब्धि केवल अलीगढ़ के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है।
अलीगढ़ बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार मनोज अलीगढ़ी ने कहा कि देवेंद्र चौधरी ने इससे पूर्व जकार्ता, इंडोनेशिया में यूथ बॉक्सिंग प्रतियोगिता, चीन में तीसरी यूथ एशियन गेम्स तथा बहरीन में आठवें यूथ नेशनल गेम्स में स्वर्ण पदक सहित कई यूथ नेशनल और जूनियर प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। भारतीय टीम में उनका चयन अलीगढ़ के लिए गौरव की बात है।उन्होंने कहा कि देवेंद्र की सफलता से अलीगढ़ के युवा खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिली है। देवेंद्र का अनुसरण करते हुए अलीगढ़ के युवा खिलाड़ी आने वाले समय में जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे तथा अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करेंगे।
अलीगढ़ बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार मनोज अलीगढ़ी ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ नई पीढ़ी में खेलों के प्रति सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करते हैं। उन्होंने युवा बॉक्सरों का आह्वान किया कि वे देवेंद्र चौधरी की मेहनत, अनुशासन और लगन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की ओर निरंतर अभ्यास करते रहें।
मेजर अरुण कुमार सिंह 8 यूपी बटालियन एनसीसी अलीगढ़ ने कहा कि प्रतिभा को सही दिशा, बेहतर प्रशिक्षण और प्रोत्साहन मिले तो अलीगढ़ की धरती से आने वाले समय में अनेक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकल सकते हैं।सोमप्रकाश शर्मा सचिव जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन ने देवेंद्र चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि उनका चयन जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।समारोह के दौरान अधिवक्ता संजय दीक्षित प्रवक्ता बार एसोसिएशन ने देवेंद्र चौधरी को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहन और बेहतर अवसर मिलना जरूरी है।
वरिष्ठ अधिवक्ता टोडरमल सहित अतिथियों ने भी देवेंद्र की उपलब्धि की सराहना की। खिलाड़ियों ने देवेंद्र चौधरी की उपलब्धि को अपने लिए प्रेरणा बताते हुए खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अलीगढ़ का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का संकल्प लिया।


समारोह में सामाजिक कार्यकर्ता प्रेमलता सिंह, प्रज्ञा गौड़, गोविंद कुमार, अतुल कुमार, वैशाली शर्मा, विवेक कुमार, अजीत बागड़ी, विनीत प्रताप सिंह, नितिन कश्यप, कुलदीप सिंह, प्रियांशु शर्मा,अशोक कुमार, शिव कुमार एवं नितिन कश्यप सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट, बॉक्सर, अधिवक्ता, समाजसेवी एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग मौजूद थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment