गांव भूतपुरा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची इलाका पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मायका पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया है।
शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार गांव रहना निवासी 20 वर्षीय शालू की शादी करीब 11 महीने पहले सासनी के गांव भूतपुरा निवासी रोहित से हुई थी। रोहित पेशे से मोटर मैकेनिक है। शादी के बाद शालू ने एक बच्चे को जन्म दिया था, लेकिन नवजात बच्चे की मौत हो गई थी। बताते हैं कि गुरूवार की देर रात शालू की संदिग्ध हालत में फांसी के फंदे पर लटककर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर सूचना पाकर मृतका के मायके वाले भी गांव भूतपुरा पहुंच गए। मायका पक्ष का आरोप है कि ससुराल वालों ने उन्हें शालू की मौत की खबर नहीं दी। मायके वालों का यह भी आरोप है कि ससुराल के लोग दहेज की मांग को लेकर शालू को परेशान करते थे और उन्होंने ही उसकी हत्या की है। पुलिस मृतका के ससुरालियों से पूछताछ कर मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।









