जनपद अलीगढ़ के थाना विजयगढ़ क्षेत्र के गांव नगला सुख निवासी के रूप में हुई शिनाख्त हबीबपुर पर हुआ था हादसा
सिकंदराराऊ । कासगंज रोड स्थित गांव हबीबपुर के निकट शनिवार की शाम को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। हादसे में युवक की मौत हो गई और मौके पर उसकी कोई शिनाख्त नहीं हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया था। रविवार को मृतक युवक की शिनाख्त जनपद अलीगढ़ के थाना विजयगढ़ क्षेत्र के गांव नगला सुख निवासी 23 वर्षीय विशाल पुत्र रघुवीर सिंह के रूप में हुई । पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
बताया जाता है कि 23 वर्षीय विशाल पुत्र रघुवीर सिंह निवासी गांव नगला सुख थाना विजयगढ़ जनपद अलीगढ़ अपने बड़े भाई की ससुराल गांव नगला तुलसी, कासगंज से वापस लौट रहा था। शनिवार की शाम को गांव हबीबपुर के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी । हादसे में विशाल की मौके पर ही मौत हो गई । मौके पर उसकी कोई शिनाख्त न हो सकी । पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया था। पुलिस शिनाख्त कराने में जुट गई थी । रविवार को मृतक विशाल के परिजनों ने उसकी शिनाख्त की । युवक की मौत से परिजनों में हाहाकर मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई । परिजनों ने बताया कि विशाल रक्षाबंधन के पर्व पर अपने भाई की ससुराल घूमने गया था और वहां से वापस लौट रहा था। विशाल अविवाहित है और पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा था। युवक की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।









