चीनी की जमाखोरी को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने दो गोदाम पर की चैंकिंग

सादाबाद। चीनी की बढ़ती कीमतों और जमाखोरी की आशंका के चलते जिला प्रशासन ने कल देर शाम कस्बा में दो चीनी गोदामों पर छापेमारी की गई और जांच के दौरान गोदामों में चीनी का भौतिक स्टॉक तो मिला, लेकिन उसका ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट नहीं था।

जिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार प्रतीक्षा कटारा, पूर्ति निरीक्षक गौरव माहेश्वरी और विपणन निरीक्षक पूजा शर्मा की संयुक्त टीम ने उक्त कार्यवाही की। टीम ने मथुरा-सादाबाद रोड स्थित बांसुरी ट्रेडर्स और जलेसर रोड स्थित नायरा एंड कंपनी के गोदामों की जांच की।अधिकारियों ने गोदामों में मौजूद चीनी के स्टॉक का संबंधित अभिलेखों से मिलान किया। ऑनलाइन पोर्टल पर स्टॉक की जानकारी अपडेट न मिलने पर फर्म संचालकों को नियमित रूप से पूरा विवरण ऑनलाइन फीड करने के निर्देश दिए गए।


प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रशासन खाद्य पदार्थों की जमाखोरी, कालाबाजारी और कृत्रिम रूप से कीमत बढ़ाने की शिकायतों को लेकर गंभीर है। उन्होंने गोदाम संचालकों को स्टॉक की आवक और निकासी का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने तथा ऑनलाइन जानकारी समय पर अपडेट करने का निर्देश दिया। टीम ने मौके पर उपलब्ध स्टॉक और अभिलेखों की जानकारी भी दर्ज की।

उल्लेखनीय है कि चीनी के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के मद्देनजर उक्त कार्यवाही को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि बाजार में चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि कहीं भी जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment