गंगीरी से बहन के यहां मथुरा जा रहे थे दोनों युवक : भटीकरा पर हुआ हादसा
सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र गांव भटीकरा में पेट्रोल पंप के पास बीती रात्रि एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई ,जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
बताया जाता है कि जनपद अलीगढ़ के थाना गंगीरी क्षेत्र के गांव भद्रोही निवासी 24 वर्षीय पुष्पेंद्र पुत्र साहब सिंह अपने साथी जयंती उर्फ यतेंद्र के साथ बाइक पर सवार होकर अपनी बहन के यहां मथुरा जा रहा था । शुक्रवार की रात्रि जब बाइक सवार गांव भटीकरा पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे। तभी एक तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पुष्पेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई ,जबकि जयंती गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भी जुट गई । मामले की सूचना पुलिस को दी गई । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल जयंती को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने मृतक पुष्पेंद्र के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। पुलिस ने घटना की सूचना युवकों के परिजनों को दी। सूचना पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।









