
सिकंदराराऊ । कासगंज रोड स्थित ममता फार्म हाउस पर चल रही 9 दिवसीय शिवमहापुराण कथा के दूसरे दिन गुरुवार को व्यास पीठ से कथावाचक सतगुरु शरण देव जी महाराज ने भगवान शिव की महिमा, उनके अजर-अमर स्वरूप और जीवन के तीनों तापों से मुक्ति का वर्णन किया। उन्होंने शिव नाम की महत्ता, सती चरित्र और कलयुग में शिव भक्ति के प्रभाव पर प्रकाश डाला। कहा कि भगवान शिव कालों के काल महाकाल हैं जो अजर-अमर हैं। उन्हें वृद्धावस्था या मृत्यु छू नहीं सकती। जीवन में यदि दैहिक, दैविक और भौतिक ताप परेशान करें, तो मनुष्य को भगवान शिव की शरण में जाना चाहिए। शिव का नाम और उनका स्मरण हमेशा मंगलकारी होता है। जब तक शिवपुराण जीवन में शामिल नहीं होता, तब तक कलयुग के कष्ट परेशान करते रहते हैं। जिसे भगवान का सच्चा प्रेम और शिवकथा सुनने का अवसर मिले, वह सबसे भाग्यशाली जीव है। कथा का रसपान करने को श्रद्धालुओं की खासी भीड़ उमड़ रही है। कथा में रामकिशन दीक्षित, पंकज दीक्षित ,आकाश दीक्षित,ममता शर्मा ,रेनू शर्मा, दुर्वेश पचौरी, बृज बिहारी कौशिक, देवकांत कौशिक ,चेतन शर्मा, रिंकू शर्मा राकेश शर्मा आदि मौजूद रहे।









