गांव रघनियां में एक सरकारी स्कूल में शिक्षकों पर एक दस वर्षीय छात्र की पिटाई का आरोप लगा है। छात्र के सिर में चोट आई है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शुक्रवार को गांव रघनियां निवासी मुकेश कुमार का करीब दस वर्षीय पुत्र सचिन गांव के सरकारी स्कूल में कक्षा 6 का छात्र है। उसके पिता मुकेश कुमार का आरोप है कि शुक्रवार सुबह स्कूल पहुंचने पर एक शिक्षिका और एक शिक्षक ने सचिन से कक्षा में झाड़ू लगाने को कहा। छात्र के पिता के अनुसार, जब उनके बेटे ने झाड़ू लगाने से मना किया, तो दोनों शिक्षकों ने उसकी पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान छात्र असंतुलित होकर गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। परिजनों को जानकारी मिलने पर वे तुरंत स्कूल पहुंचे और घायल छात्र को जिला अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस मामले पर सासनी खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि स्कूल के हेडमास्टर से बातचीत के बाद जानकारी मिली है कि बच्चा स्कूल परिसर में खेल रहा था और खेलते समय अचानक गिरने से उसके सिर में चोट लगी है। शिक्षा विभाग के अधिकारी मामले की अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं।









