सहपऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव करैया में बीती रात्रि को एक ई-रिक्शा को चार्ज करते समय करंट लगने से एक 11 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। परिजन ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद भी ले गये, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बालिका की मौत से परिवार में भारी कोहराम मच गया है।
बताया जाता है कोतवाली क्षेत्र के गांव करैया निवासी विष्णु की 11 वर्षीय पुत्री अनुराधा बीती रात वह ई-रिक्शा चार्ज करने के लिए बिजली का तार लगा रही थी, तभी अचानक तार में करंट आ गया और वह उसकी चपेट में आ गई।हादसे के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत अनुराधा को लेकर उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचे। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बालिका की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है ।









