हाथरस। जिला स्तरीय सब-जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता के लिए चयन/ट्रायल का आयोजन आज स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया गया।चयन/ट्रायल उप क्रीड़ाधिकारी काशी नरेश यादव की देखरेख में संपन्न हुआ।
चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करते हुए विभिन्न भार वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। फ्री-स्टाइल वर्ग में 51 किग्रा भार वर्ग में निशांत, 60 किग्रा में गोविंद, 65 किग्रा में प्रशान्त, 74 किग्रा में नैतिक, 80 किग्रा में विकास, 92 किग्रा में सागर तथा 110 किग्रा भार वर्ग में आदित्य ठेंनुआ का चयन किया गया। इसी प्रकार ग्रीको-रोमन स्टाइल वर्ग में 65 किग्रा में आनंद, 71 किग्रा में रजत, 80 किग्रा में शक्ति तथा 92 किग्रा भार वर्ग में मयंक का चयन किया गया। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश केसरी के लिए सागर तथा उत्तर प्रदेश कुमार के लिए अंशु का चयन किया गया है।
चयनित सभी खिलाड़ी जनपद का प्रतिनिधित्व करते हुए मंडल स्तरीय चयन/ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे। मंडल स्तरीय चयन/ट्रायल का आयोजन कल 11 अगस्त को दोपहर 2 बजे से अहिल्याबाई होल्कर स्पोर्ट्स स्टेडियम अलीगढ़ में किया जाएगा।









