कांवड़ियों के बीच पहुंचकर डीएम-एसपी ने जाना हालचाल: कांवड़ियों से संवाद
हाथरस। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा रात्रि में कांवड़ियों के बीच पहुंचकर उनका हालचाल जाना और कांवड़ियों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा बीती रात्रि को कांवड़ मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मार्ग में विश्राम कर रहे एवं गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे कांवड़ श्रद्धालुओं से हाथरस-मथुरा मार्ग पर आत्मीय संवाद किया तथा उनकी कुशलक्षेम जानी।डीएम-एसपी द्वारा श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। श्रद्धालुओं द्वारा उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए पुलिस एवं प्रशासन के प्रयासों की सराहना की गई।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। रात्रि के समय विशेष सतर्कता बरती जाए, यातायात सुचारु रूप से संचालित किया जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, अनावश्यक जल्दबाजी से बचें तथा पूरी सावधानी एवं अनुशासन के साथ अपनी यात्रा पूर्ण करें। श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर तत्काल ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से संपर्क करने की अपील की।।
कांवड़ श्रद्धालुओं ने पुलिस द्वारा मार्ग पर उपलब्ध कराई गई सुरक्षा व्यवस्था एवं सुविधाओं की सराहना करते हुए हाथरस पुलिस का आभार व्यक्त किया।









