हाथरस। शासन की मंशा के अनुरूप तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने माध्यमिक शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित राजकीय जिला पुस्तकालय का निरीक्षण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी की।
इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली तथा उन्हें सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पूर्ण एकाग्रता एवं समर्पण के साथ अध्ययन करने की प्रेरणा दी। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी भी लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पूरे मनोयोग, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के साथ प्रयास किए जाएँ तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से पुस्तकालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया तथा कहा कि पुस्तकों के अतिरिक्त यदि अन्य किसी संसाधन अथवा सुविधा की आवश्यकता हो तो उसकी सूची तैयार कर उपलब्ध कराई जाए, जिससे आवश्यक व्यवस्थाएँ शीघ्र सुनिश्चित की जा सकें।

निरीक्षण के दौरान पुस्तकालय की प्रभारी अधिकारी/प्रधानाचार्य राजकीय बालिका इंटर कॉलेज डॉ. नीरज गोयल ने अवगत कराया कि वर्तमान में पुस्तकालय में लगभग 8 हजार पुस्तकें उपलब्ध हैं।पुस्तकालय के संचालन हेतु आउटसोर्सिंग के माध्यम से तीन कार्मिक-पुस्तकालय समन्वयक, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं कार्यालय सहायक तैनात हैं। वर्तमान में पुस्तकालय में 211 छात्र-छात्राएँ पंजीकृत हैं।
जिलाधिकारी ने प्रतियोगी छात्रों की सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए पुस्तकालय को प्रतिदिन रात्रि 10 बजे तक संचालित किए जाने तथा कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्टवार निर्धारित करने के निर्देश दिए। सार्वजनिक अवकाशों पर भी कम से कम एक अध्ययन कक्ष खुला रखने के निर्देश दिए, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो। उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को पुस्तकालय परिसर की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पुस्तकालय के समग्र विकास के लिए आवश्यक कार्यों, जैसे बाउंड्री वॉल की ऊँचाई बढ़ाना, पार्किंग स्थल का निर्माण, खिड़कियों पर जाली लगवाना, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मेज-कुर्सियों की उपलब्धता, रंगाई-पुताई तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।









