पुलिस कप्तान ने कांवड़ मार्ग व सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

हाथरस। श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने व कांवड़ियों की सुरक्षा एवं सुविधाओं को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक ने आज मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा कांवड़ मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के संबंध में की गई व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा भ्रमण के दौरान कोतवाली सदर क्षेत्र स्थित तालाब चौराहे पर कांवड़ मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मार्ग पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, कांवड़ियों के आवागमन तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा हेतु किए गए अन्य प्रबंधों का बारीकी से जायजा लिया गया।


पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। कांवड़ मार्ग पर लगातार सतर्क दृष्टि रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहे।उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर लगातार भ्रमण एवं प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील स्थलों एवं प्रमुख चौराहों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं से आत्मीय व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं का तत्काल संज्ञान लेकर यथासंभव समाधान सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा एवं विश्वास का पर्व है, अतः जनपद पुलिस का प्रयास है कि जनपद से गुजरने वाले प्रत्येक कांवड़िए को सुरक्षित, सुगम एवं सुखद वातावरण उपलब्ध कराया जाए। यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment