सांड व कुत्ता सामने आने से दो बाइक सवार घायल

सादाबाद। कोतवाली क्षेत्र में आवारा पशुओं और कुत्तों के कारण हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक और एक छात्र घायल हो गए। दोनों घायलों का उपचार हेतु सीएचसी में कराया गया है।
बताया जाता है पहला हादसा आगरा अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर खंदौली बॉर्डर के पास हुआ। गांव गुरसौटी निवासी दिनेश कुमार आगरा से बाइक द्वारा सादाबाद लौट रहे थे। तभी सड़क पर लड़ रहे दो सांड अचानक उनकी बाइक के सामने आ गए। एक सांड ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दिनेश सड़क पर गिरकर घायल हो गए।आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया। गनीमत रही कि दिनेश ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनका सिर गंभीर चोट से बच गया। हालांकि, उनके चेहरे, आंख और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।


दूसरा हादसा कस्बा के प्रकाश नगर में हुआ। कक्षा 11 के छात्र विशन प्रताप सुबह घर से बाइक द्वारा आगरा मार्ग स्थित सेंट विवेकानंद स्कूल जा रहा था। बाजार क्षेत्र में अचानक एक आवारा कुत्ता बाइक के सामने आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और छात्र सड़क पर गिरकर घायल हो गया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment