सादाबाद। कोतवाली क्षेत्र के जैतई मार्ग पर आज दोपहर एक बड़ा हादसा बाल- बाल टल गया। बच्चों को स्कूल ले जा रही एक वैन और मिनी बस की आमने-सामने से टक्कर हो गई। हालांकि दुर्घटना में किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई, लेकिन दोनों वाहनों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
बताया जाता है आज दोपहर एक स्कूल की मारुति वैन बच्चों को लेकर स्कूल परिसर से मुख्य मार्ग पर आ रही थी। इसी दौरान जैतई मार्ग की ओर से दूसरे स्कूल के बच्चों को ले जा रही एक मिनी बस सामने से आ गई। संतुलन बिगड़ने से दोनों वाहनों की आमने-सामने से टक्कर हो गई, जिससे उनके अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गये और उन्होंने दोनों वाहनों में सवार बच्चों को सुरक्षित पाया, जिससे सभी ने राहत की सांस ली। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि टक्कर थोड़ी और तेज होती तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था।
अभिभावक अश्वनी कुमार ने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा स्कूल वाहनों की नियमित जांच और कार्यवाही न होने के कारण नियमों की अनदेखी की जा रही है।हादसे के बाद भी दोनों वाहनों के चालकों के खिलाफ मौके पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। बताया गया है कि दोनों पक्षों ने आपस में बातचीत कर मामला सुलझा लिया और अपने-अपने वाहनों को लेकर चले गए। स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग से स्कूल वाहनों की गहन जांच करने और बिना कागजात संचालित वाहनों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है।









