हाथरस-।भारतीय शिक्षण मंडल के तत्वावधान मे सेठ हरचरणदास गल्र्र्स इंटर कॉलेज में पावन व्यास पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महर्षि वेदव्यास के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और सम्मान प्रकट किया गया ।
कार्यक्रम का भव्य शुभारंभकॉलेज की प्रधानाचार्या व कार्यक्रम की अध्यक्षा श्रीमती सरिता देवी एवं भारतीय शिक्षण मंडल की जिला संयोजक प्रोफेसर रंजना गुप्ता द्वारा मां सरस्वती एवं महर्षि वेदव्यास के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। तत्पश्चात छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने छात्राओं एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए महर्षि वेदव्यास के जीवन और उनके द्वारा रचित ज्ञान-संपदा के महत्व पर प्रकाश डाला।उन्होंने बताया कि महर्षि वेदव्यास भारतीय ज्ञान परंपरा के महान ऋषि माने जाते हैं। उन्होंने वेदों का संकलन एवं विभाजन किया, महाभारत जैसे विश्व के महानतम महाकाव्य की रचना की तथा अनेक पुराणों और ब्रह्मसूत्र की रचना का श्रेय भी उन्हें दिया जाता है। इसी कारण उन्हें जगद्गुरु तथा आदि गुरु के रूप में सम्मानित किया जाता है।
प्रो.रंजना गुप्ता ने कहा कि व्यास पूजन हमें यह संदेश देता है कि ज्ञान का सम्मान करें और अपने गुरुजनों के प्रति सदैव श्रद्धा और कृतज्ञता का भाव रखें तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर अपने जीवन को सार्थक बनाएँ। जिला कार्यकारिणी सहसंयोजक डॉ. शशि कुमारी ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज का निर्माता होता है। उसके व्यक्तित्व, आचरण और विचारों का प्रभाव अनेक पीढ़ियों पर पड़ता है।। कार्यक्रम संयोजिका निवेदिता वाजपेई थीं।कार्यक्रम में कॉलेज का समस्त शिक्षक परिवार एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या सरिता देवी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।









