वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ.लक्ष्मीनारायण कश्यप के पिताश्री का निधन:शोक

हाथरस- 5 अगस्त। शहर के बालापटटी निवासी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. लक्ष्मीनारायण कश्यप के पिताश्री ताराचंद्र तुरैहा का निधन हो जाने से उनके परिवार, समर्थकों व शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई है और उनके आवास पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लग गया है।

शहर के बालापट्टी निवासी व भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नगर उपाध्यक्ष, नगर कोषाध्यक्ष व भाजपा मत्स्य प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रहे डॉ. लक्ष्मीनारायण कश्यप के पिताश्री ताराचन्द्र तुरैहा का गत 30 जुलाई की शाम को निधन हो गया। वह करीब 93 वर्ष के थे और पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे, जिसके चलते उनका निधन हो गया। स्वर्गीय श्री ताराचंद्र तुरैहा बहुत ही हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति थे और काफी मिलनसार थे। इसके साथ ही वह भक्ति भाव व धार्मिक व्यक्तित्व के धनी थे।। स्वर्गीय श्री ताराचंद्र तुरैहा अपने पीछे अपनी धर्मपत्नी तथा पुत्र डॉ. लक्ष्मीनारायण कश्यप सहित भरे पूरे परिवार को छोड़ गए हैं और उनकी अंतिम विमान शवयात्रा उनके पैतृक आवास से इगलास अड्डा स्थित श्मशान भूमि पत्थर वाली तक निकाली गई, जिसमें सभी वर्गों के लोग भारी संख्या में शामिल थे। जहां पर उनका अंतिम दाह संस्कार किया गया और उन्हें मुखाग्नि उनके पुत्र व वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. लक्ष्मीनारायण कश्यप द्वारा दी गई।। स्वर्गीय श्री ताराचंद्र तुरैहा के निधन पर दैनिक लालसा परिवार ने भी भारी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है और ईश्वर से दिवंगत की आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को धैर्य धारण कराने की प्रार्थना की है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment