हसायन। विकास खंड के गांव हरी नगर छीतीपुर में ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए विकास कार्यों की जांच को लेकर लिखित शिकायत मिलने के बाद संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने आज गांव पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया गया और ग्रामीणों से विकास कार्य संबंधी वार्ता कर उनके बयान लिए गए।
जांच टीम में डीएसओ विकास गौतम, एई आरईडी मोहित कुमार, जेई आरईडी राकेश शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने शिकायत में उल्लिखित आठ बिंदुओं की विस्तार से जांच की। इस दौरान अधिकारियों ने गांव में कराए गए खड़ंजा निर्माण, नाली निर्माण तथा क्रीड़ा स्थल सहित अन्य विकास कार्यों का मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। अधिकारियों ने संबंधित अभिलेखों का भी परीक्षण किया तथा ग्रामीणों से विकास कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जांच के दौरान सभी तथ्यों को संकलित कर रिपोर्ट तैयार की गई, जिसे उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।









