हाथरस ।जनपद में पुलिस द्वारा आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत डीजे संचालकों के साथ गोष्ठी आयोजित कर श्रावण मास कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में डीजे संचालकों एवं संबंधित व्यक्तियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सभी डीजे संचालकों को शासन एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए उनका पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा आस्था एवं श्रद्धा का महापर्व है, अतः यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, नियमों का उल्लंघन अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान डीजे संचालकों को निर्देश दिए गए कि डीजे की ऊंचाई शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाए, निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई वाले डीजे का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।केवल धार्मिक, शिव भक्ति एवं सांस्कृतिक मर्यादा के अनुरूप गीतों का ही प्रसारण किया जाए।अशोभनीय, अश्लील, भड़काऊ, अभद्र, द्विअर्थी अथवा सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित करने वाले गीतों एवं नारों का प्रसारण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए, अत्यधिक तेज आवाज से आमजन, अस्पतालों, विद्यालयों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर असुविधा उत्पन्न न हो।डीजे वाहन पर किसी प्रकार के खतरनाक स्टंट, लटककर यात्रा करना अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी न की जाए।यात्रा मार्ग पर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन एवं अन्य निर्देशों का पूर्ण पालन किया जाए।किसी भी प्रकार का हथियार, नुकीली वस्तु अथवा प्रतिबंधित सामग्री साथ लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी।यात्रा के दौरान शराब, मादक पदार्थों एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली किसी भी सामग्री का प्रचार-प्रसार न किया जाए।डीजे संचालक अपने सहयोगियों एवं कांवड़ यात्रियों को अनुशासन, संयम एवं आपसी भाईचारे के साथ यात्रा सम्पन्न कराने हेतु प्रेरित करें।किसी भी आपात स्थिति अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को उपलब्ध कराएं।
बैठक में अधिकारियों ने डीजे संचालकों से संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना तथा सभी से प्रशासन का सहयोग करते हुए कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं, डीजे संचालकों एवं आमजन से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा जनपद में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें।









