नगर पालिका की स्ट्रीट लाइट के दोनों तार नंगे होने के कारण हुआ हादसा:लोगों में नगर पालिका की लापरवाही पर पनपा आक्रोश
सिकंदराराऊ। कस्बा के मोहल्ला नौखेल स्थित पाए वाली गली में बुधवार को एक पशु पालक की दो भैंसों की विद्युत पोल में करंट उतरने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर विद्युत विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई ।
बताया जाता है कि मोहल्ला नौखेल पाए वाली गली निवासी आमिर अपनी दो भैंसों को रोजाना की तरह बुधवार को गली से ले जा रहे थे। इस दौरान सड़क किनारे लगे एक विद्युत के पोल में अचानक करंट उतर आया। जैसे ही भैंसे खंभे के संपर्क में आईं, वे तत्काल करंट की चपेट में आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे से मोहल्ले में खलबली मच गई । मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई । मामले की सूचना विद्युत विभाग को दी गई । सूचना पाकर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी । विद्युत विभाग के अवर अभियंता पवन कसोधन ने बताया कि शुरुआती जांच में ज्ञात हुआ है कि नगर पालिका की स्ट्रीट लाइट के दोनों तार नंगे थे। ये तार स्ट्रीट लाइट के पोल के संपर्क में थे । जिसके कारण पोल में करंट प्रवाहित हो गया और यह हादसा हुआ। विभागीय टीम ने मौके पर बिजली आपूर्ति की जांच की। इसके बाद स्ट्रीट लाइट के नंगे तारों को पोल से अलग कराया गया।
बिजली आपूर्ति बहाल करने के बाद पोल की दोबारा जांच की गई। जिसमें किसी प्रकार का करंट नहीं पाया गया। घटना के बाद लोगों में नगर पालिका की लापरवाही को लेकर गहरा रोष देखा गया। लोगों ने मांग की है कि कस्बा क्षेत्र में लगे सभी स्ट्रीट लाइट पोल और विद्युत तारों की तत्काल जांच कराई जाए,ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके। विद्युत विभाग फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। भैंसों की मौत से पशु पालक को हज़ारो रुपए का नुकसान हुआ है।









