हाथरस। श्री हैहयवंशीय क्षत्रिय कांस्यकार विद्यालय समिति द्वारा संचालित श्री रामबाग इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति के प्रति पांच वर्ष में होने वाले नियमित चुनाव रविवार को विद्यालय परिसर में पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित किया गया। इस चुनावी कार्यवाही में संस्था के सदस्यों ने भारी संख्या में शामिल होकर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सर्वसम्मति से निर्विरोध प्रबंध समिति के पदाधिकारियों का चुनाव किया गया तथा चुने गए पदाधिकारियों का प्रबंध समिति के सदस्यों द्वारा फूलमालाओं से लादकर जोरदार स्वागत व सम्मान भी किया गया।

श्री हैहयवंशीय क्षत्रिय कांस्यकार विद्यालय समिति द्वारा संचालित श्री रामबाग इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति के मुख्य चुनाव अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता यज्ञदत्त गौतम एडवोकेट ने चुनावी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष का चुनाव पूरी तरह लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी व्यवस्था के साथ कराया गया, जिसमें सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन हुआ है। चुनाव को सकुशल संपन्न कराने में सहायक चुनाव अधिकारी दिगंबर सिंह सिसौदिया एडवोकेट एवं प्रहलाद शीतल हर्ष ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही चुनाव में सहयोगी नरेंद्र कुमार शर्मा एडवोकेट ने भी अपनी महती भूमिका का निर्वहन किया। कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन सुबह से ही विद्यालय परिसर में पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा।
श्री रामबाग इंटर कॉलेज प्रबंध समिति के चुनाव को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से आधिकारिक चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज बाजिदपुर सिकन्द्राराऊ कुमर पाल सिंह उपस्थित थे। इसके साथ ही अन्य सहयोगियों में श्री रामबाग इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शिव कुमार शर्मा, सहायक अध्यापक बचाराम एवं सहायक अध्यापक राजेश कुमार सिंह ने भी पूरी चुनावी कार्यवाही को विधिवत पूर्ण कराने में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
चुनाव में मुख्य चुनाव अधिकारी ने घोषणा की कि प्रत्येक पद के लिए एक-एक ही नामांकन पत्र प्राप्त होने के कारण पूरी प्रबंध समिति को निर्विरोध व सर्वसम्मति से निर्वाचित घोषित किया गया है। नवनिर्वाचित पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्यों की सूची में श्री रामबाग इंटर कॉलेज प्रबन्ध समिति के अध्यक्ष पद पर प्रमुख समाजसेवी एवं उद्यमी नरेश कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष रमेश कूलवाल, प्रबंधक ओमप्रकाश वर्मा कलसा वाले, उप-प्रबंधक ओमप्रकाश वर्मा मार्केट वाले, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश बागड़ी, कार्यकारिणी सदस्यों में गोपालदास वर्मा, मदन गोपाल, रवि कुमार वर्मा, राजकुमार वर्मा, महेश चन्द्र वर्मा, दिलीप कुमार वर्मा, रामचंद्र वर्मा चुने गये हैं। सभी सदस्यों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं पर्यवेक्षकों ने नवनिर्वाचित प्रबंध समिति को बधाई देते हुए कॉलेज के स्वर्णिम व उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।। इस मौके पर श्री रामबाग प्रबंध समिति के सदस्यों द्वारा नवनिर्वाचित प्रबंध समिति के पदाधिकारियों का फूलमालाओं से लादकर जहां जोरदार स्वागत व सम्मान किया गया,वहीं मिष्ठान खिलाकर मुंह मीठा भी कराया गया और इस मौके पर प्रबंध समिति द्वारा कॉलेज के सर्वांगीण विकास, उच्च शिक्षा, आदर्श व अनुशासन बनाए रखने का भी संकल्प लिया।









