औद्योगिक विकास एवं स्थानीय उद्यमियों के हितों को ध्यान में लेने को : सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थानीय उद्योगपतियों व उद्यमियों को किया जायें भूखंड आवंटित

हाथरस। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जनपद के औद्योगिक विकास एवं स्थानीय उद्यमियों के हितों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में सलेमपुर-2 औद्योगिक क्षेत्र में स्थानीय उद्योगपतियों एवं उद्यमियों को प्राथमिकता के आधार पर भूखंड आवंटित किए जाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया कि हाथरस प्रदेश का एक प्रमुख औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्र रहा है। पूर्व में यहां सूत, रेडीमेड एवं अन्य औद्योगिक इकाइयों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिला तथा जनपद की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान औद्योगिक क्षेत्र पूर्ण रूप से आवंटित हो चुका है, जिससे नए उद्योग स्थापित करने के इच्छुक स्थानीय उद्यमियों को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। विभिन्न बैठकों एवं मंचों पर यह विषय लगातार उठाया जाता रहा है, किंतु स्थानीय उद्यमियों को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिल सकी है।
ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है कि सलेमपुर-2 के नए औद्योगिक क्षेत्र में स्थानीय उद्योगपतियों एवं उद्यमियों को प्राथमिकता के आधार पर प्लॉट आवंटित किए जाएं, जिससे जनपद में नए उद्योग स्थापित हों, रोजगार के अवसर बढ़ें तथा हाथरस के औद्योगिक विकास को नई गति मिल सके।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के युवा प्रदेश संगठन मंत्री सुनील कुमार वर्मा, युवा जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र वार्ष्णेय, नगर अध्यक्ष तरुण पंकज, महामंत्री राम अग्रवाल, लोकेश अग्रवाल, रवि वार्ष्णेय, युवा नगर अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय, चंदन वार्ष्णेय, गौरव खंडेलवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment