हाथरस। ओढ़पुरा विद्युत केंद्र पर विद्युत अधिकारियों और व्यापारी प्रतिनिधियों के बीच आज एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत अधिशासी अधिकारी अजीत कुमार सिंह और सह विद्युत अधिशासी अभियंता अभिषेक सिंह मौजूद थे। बैठक में वरिष्ठ समाजसेवी व उद्योगपति देवेंद्र मोहता ने व्यापारियों की ओर से कई प्रमुख मुद्दे उठाए गये।

बैठक में व्यापारियों द्वारा विद्युत अधिभार में वृद्धि, अवैध सिक्योरिटी जमा, असीमित बिजली कटौती, विद्युत दरों में बढ़ोतरी और पूर्ण भुगतान के बावजूद बिल में बकाया राशि का जुड़ना शामिल था। विद्युत अधिकारियों ने इन मुद्दों पर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया और व्यापारियों की जिज्ञासाओं को शांत किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश विभाग द्वारा निर्धारित नीतियों के अनुरूप ही स्थानीय स्तर पर नियमों को लागू किया जा रहा है।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि वे उद्योगपतियों और व्यापारियों की समस्याओं को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाकर उनका समाधान करने का प्रयास करेंगे। बिजली कटौती में सुधार के लिए हाथरस के सभी फीडरों के जेई और संबंधित अधिकारियों को जनहित में कार्य करने तथा कटौती से बचने के निर्देश दिए गए। बैठक में व्यापारी व फेडरेशन ऑफ़ आल इंडिया व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल तथा जिले की प्रमुख फर्में सर्वेश्वर फूड प्रोडक्ट व तोता रंग उद्योग के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।












