चक्की बाजार में शातिरों ने महिला को बेहोश कर लूटे लाखों के जेवरात:हड़कम्प

हाथरस। शहर के कोतवाली सदर क्षेत्र में चक्की बाजार में सोमवार देर शाम शातिर बदमाशों ने एक महिला को झांसा देकर बेहोश कर दिया और घर से लाखों रुपये के सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना की खबर से पूरे क्षेत्र में भारी सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना की जांच व झानबीन की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिनमें संदिग्ध बदमाशों के चेहरे कैद होने की बात सामने आयी है।
बताया जाता है कोतवाली सदर क्षेत्र के चक्की बाजार में पंजाब नेशनल बैंक में कार्यरत संजय जैन की पत्नी कल शाम घर से सब्जी लेने निकली थीं। घर से कुछ ही दूरी पर उन्हें कुछ अज्ञात बदमाशों ने बातों में उलझा लिया। बदमाशों ने महिला से कहा कि उन पर कोई बड़ा संकट आने वाला है और वे विशेष पूजा-पाठ के माध्यम से उनकी सभी परेशानियां दूर कर देंगे।बदमाशों की बातों में आकर महिला उन्हें अपने घर ले आयी। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद बदमाशों ने किसी तरह महिला को बेहोश कर दिया। इसके बाद उन्होंने घर में रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने के जेवरात समेट लिए और मौके से फरार हो गए।
बताया जाता है घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद जब परिवार के सदस्य घर पहुंचे और महिला को होश आया, तब घटना की जानकारी हुई। इसके बाद रात करीब 8 बजे कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही कोतवाली सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि बदमाश घर से सोने की तीन जंजीर, 10 अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, चार चूड़ियां, झुमके सहित अन्य कीमती जेवरात चोरी कर ले गए। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment