
सासनी-18 जनवरी। आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग स्थित पुलिस चैकी श्री हनुमानजी क्षेत्र में घने कोहरे में नगला भूरा के निकट चार वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन सुखद पहलू यह रहा कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बावजूद किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बच गए।
रविवार को मिली जानकारी के अनुसार आवंल खेडा निवासी प्रशांत अपनी वेन्यू कार से बुलंदशहर एक कार्यक्रम में जा रहा था। जिसमें उनके साथ तीन अन्य सवारियां भी मौजूद थीं। वहीं, विपिन चैधरी और रविंद्र कुमार अपनी कार से अलीगढ़ की ओर जा रहा था, जबकि महेश नाम का चालक हापुड़ से दूध का ऑटो लेकर आगरा के लिए निकला था। बताते हैं कि जैसेही तीनों वाहन नगला भूरा के निकट पहुंचे तो वहां घना कोहरा होने के कारण ये सभी वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए। घटना की जानकारी होने पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड जुट गई। सूचना पाकर पुलिस और एनएचआई अफसरान मौके पर पहुंचे। हाईवे के रूट पेट्रोलियम ऑफिसर विवेक गौतम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और अपनी देखरेख में हाईवे पर बिखरे मलबे की साफ-सफाई करवाई। पुलिस और एनएच अधिकारियों ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को बीच सड़क से हटवाकर किनारे करवाया, जिसके बाद काफी समय से बाधित यातायात पुनः सामान्य हो सका। पुलिस ने यात्रियों को सावधानी पूर्वक वाहन चलाने की हिदायत दी है।









