
सिकंदराराऊ । कोतवाली साइबर क्राइम पुलिस टीम द्वारा यूपीआई के माध्यम से एक युवक के गलत खाते में ट्रांसफर हुए 17 हजार रुपए वापस करा दिए गए।
पुलिस के अनुसार गांव जरीनपुर भुर्रका निवासी प्रान्शु पुत्र श्याम सिंह ने राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनके बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से गलती से 17,000 रुपये किसी गलत नंबर पर ट्रांसफर हो गए थे।
साइबर क्राइम टीम ने एनसीआरपी पर शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की। टीम ने शिकायतकर्ता के बैंक खाते से ट्रांसफर हुए रुपयों का विवरण प्राप्त किया और लाभार्थी के बैंक खाते को डेबिट फ्रीज कराकर धनराशि को सुरक्षित किया । टीम के सार्थक प्रयासों के परिणामस्वरूप 9 जुलाई को शिकायतकर्ता प्रान्शु के खाते में पूरी 17 हजार रुपए की राशि वापस आ गई। अपनी धनराशि वापस पाकर प्रान्शु ने कोतवाली सिकंदराराऊ पहुंचकर पुलिस और साइबर क्राइम टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की। थाना साइबर क्राइम, हाथरस ने आमजन से साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने सलाह दी है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना खाता संख्या, पिन, ओटीपी, सीवीवी नंबर जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत करें या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।












