सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव नगरिया कपासिया में कटर से मूंग निकाल रहे एक किसान की कटर का कवर खुलने से मौत हो गई । किसान की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
बताया जाता है कि गांव नगरिया कपसिया निवासी 35 वर्षीय संदीप पाठक पुत्र विनीत पाठक शनिवार की शाम 5: 30 बजे करीब खेत में कटर से मूंग निकाल रहे थे। तभी अचानक कटर का ऊपरी लोहे का कवर नट-बोल्ट ढीले होने के कारण अचानक तेज गति से उखड़ गया और संदीप के सिर से जा टकराया। जिससे संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया । युवक की मौत से परिजनों में हाहाकर मच गया और गांव में मातम पसर गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। रविवार को परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद मृतक के शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक खेती के साथ साथ फोटो ग्राफी का भी कार्य करता था। मृतक अपने पीछे अपनी पत्नी एवं दो बच्चों को रोता बिलखता छोड़ गया है ।









