अलीगढ़/ हाथरस। श्री टीकाराम सेवा संस्थान द्वारा संगठन विस्तार एवं समाज सेवा के उद्देश्य से चलाए जा रहे सदस्यता एवं जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत संस्था के प्रदेश अध्यक्ष अंकुर कुमार के नेतृत्व में जनपद अलीगढ़ में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से संपर्क स्थापित कर उन्हें संस्था के उद्देश्यों, जनकल्याणकारी गतिविधियों एवं सामाजिक सेवा के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर संस्था की विचारधारा एवं सेवा कार्यों से प्रभावित होकर कई नए सदस्यों ने संस्था की सदस्यता ग्रहण की, जिन्हें विधिवत सदस्यता प्रदान कर संगठन से जोड़ा गया।संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए संस्था की अलीगढ़ की भावी जिला इकाई के गठन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। इस अवसर पर कुंदन सिंह जिलाध्यक्ष, विशाल कश्यप जिला उपाध्यक्ष, अली मजाहर काे जिला महासचिव के रूप में संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही संजय कुमार, प्रकाश एवं अन्य नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अंकुर कुमार ने कहा कि श्री टीकाराम सेवा संस्थान शिक्षा, सेवा एवं समर्पण के मूल मंत्र के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा कार्य पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। संस्था का लक्ष्य उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले में मजबूत संगठन स्थापित कर भविष्य में पूरे भारत में सामाजिक, शैक्षिक, स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं जनकल्याण के क्षेत्र में प्रभावी कार्य करना है।नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं नवसदस्यों ने संस्था की गरिमा बनाए रखते हुए जनहित एवं समाज सेवा के कार्यों को प्रत्येक गाँव, कस्बे एवं शहर तक पहुँचाने तथा अलीगढ़ जनपद में एक सशक्त एवं सक्रिय संगठन खड़ा करने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने समाजहित, शिक्षा, सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं मानव कल्याण के कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने तथा संस्था के संगठनात्मक विस्तार को निरंतर गति देने का संकल्प व्यक्त किया।












