कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई शिक्षक पात्रता परीक्षा: परीक्षार्थियों की उमड़ी भीड़: सड़कों पर रहा जाम

हाथरस। शहर में आज शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) का आयोजन 10 परीक्षा केंद्रों पर किया जा रहा है। टीईटी परीक्षा देने के लिए परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है और टीईटी परीक्षा के चलते शहर में आज भारी जाम की स्थिति बनी रही । टीईटी परीक्षा तीन दिनों तक चलेगी, जिसमें कुल 18,600 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा आज और कल दो पालियों में होगी, जबकि 4 जुलाई को एक पाली में आयोजित की जाएगी।


आज से शुरू हुई शिक्षक पात्रता परीक्षा टीईटी की प्रत्येक पाली में 3720 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंन्द्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। उन्हें कड़ी सुरक्षा और जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। महिला अभ्यर्थियों के आभूषण उतरवाए गए और उनके जूडे खुलवाकर तलाशी ली गई। पुरुष अभ्यर्थियों की भी सघन तलाशी ली गई, जिसमें उनके जूते भी उतरवाए गए।

शिक्षक पात्रता परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हैं। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।इस दौरान कुछ अभ्यर्थियों को प्रपत्रों संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा। एक महिला परीक्षार्थी स्नेहलता को प्रवेश के लिए करीब 15 मिनट तक गेट पर इंतजार करना पड़ा। उनके एडमिट कार्ड और आधार कार्ड में जानकारी मेल नहीं खा रही थी। काफी मशक्कत के बाद उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिल सका। प्रशासन ने परीक्षा को नकल विहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए पुख्ता व्यवस्थाएं की हैं।

शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर आज पूरे शहर में दिन भर जाम की स्थिति बनी रही और लोग व यात्री जहां जाम में जूझते रहे, वही जाम में गाड़ियां भी फंसी रही तथा जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस व सिविल पुलिस चौराहे चौराहे पर वाहनों को निकलवाने में लगी रही।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment