हाथरस। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा मुख्यमंत्री के जनपद में कल 23 जून को प्रस्तावित कार्यक्रम के शांतिपूर्वक व सफल आयोजन के दृष्टिगत कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था हेतु ड्यूटी में लगे अधिकारी/कर्मचारीगणों की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये हैं।

आज जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा मुख्यमंत्री के जनपद में कल 23 जून को यूपीसीडा सलेमपुर (औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर) में प्रस्तावित कार्यक्रम के शांतिपूर्वक एवं सफल आयोजन के दृष्टिगत कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था ड्यूटी में लगे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी/कर्मचारीगणों की ब्रीफिंग की गई। ब्रीफिंग में ड्यूटी में लगे अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी/कर्मचारीगण भी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल एवं सम्पूर्ण पंडाल का निरीक्षण किया। ब्रीफिंग के दौरान मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने ड्यूटी स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लें, जिससे कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो। ड्यूटी में लगे समस्त अधिकारी/कर्मचारीगणों को समय से ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर सतर्कता, सजगता एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया गया।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित रखते हुए कार्यक्रम को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराएं। ड्यूटी के दौरान शालीन एवं विनम्र व्यवहार बनाए रखने तथा आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही रूफटॉप ड्यूटी, कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा एवं आवागमन मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि सुरक्षा के दृष्टिगत प्वाइंट-टू-प्वाइंट ड्यूटी लगाई गई है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्व में ही अपने ड्यूटी स्थलों का निरीक्षण कर लें तथा रूट व्यवस्था में लगे अधिकारी/कर्मचारी रूट का भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाएं, निर्बाध यातायात संचालन एवं रूट डायवर्जन की कार्यवाही समय रहते सुनिश्चित कर लें। उन्होंने निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के जनपद से प्रस्थान करने के उपरांत ही ड्यूटी में लगे अधिकारी/कर्मचारी अपने-अपने ड्यूटी स्थल छोड़ेंगे।
निरीक्षण के दौरान मंच क्षेत्र, विशिष्ट अतिथि दीर्घा, मीडिया गैलरी, जनसभा स्थल, लोकार्पण एवं शिलान्यास क्षेत्र, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, आपातकालीन सेवाओं तथा भीड़ प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं का भी गहन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनसामान्य की सुविधाओं, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं समन्वित रूप से सुनिश्चित की जाएं, जिससे मुख्यमंत्री का कार्यक्रम गरिमापूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जा सके।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के जनपद में प्रस्तावित कार्यक्रम को शांतिपूर्वक एवं सकुशल सम्पन्न कराने हेतु सुरक्षा व्यवस्था में अपर पुलिस अधीक्षक-4, क्षेत्राधिकारी-8, निरीक्षक-48, उपनिरीक्षक-244, महिला उपनिरीक्षक-23, मुख्य आरक्षी/आरक्षी-967, महिला मुख्य आरक्षी/महिला आरक्षी-176 तथा यातायात व्यवस्था हेतु यातायात उपनिरीक्षक-9 एवं यातायात मुख्य आरक्षी/आरक्षी-31 सहित कुल 1510 अधिकारी/कर्मचारीगणों की ड्यूटी लगाई गई है।












