
हाथरस। शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आयोग से प्राप्त संदर्भ, आरटीआई प्रकरण, आईजीआरएस पोर्टल तथा जनता दर्शन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायत के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किये जाने एवं पूर्ण संतुष्टि हेतु शिकायकर्ता से सम्पर्क कर शिकायत का निस्तारण कराया जाना सुनिश्चित करें और प्रकरणों का वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई प्रकरण संबंधित विभाग से संबद्ध न हो तो उसे तत्काल सक्षम विभाग को प्रेषित किया जाए। उन्होंने कहा कि आरटीआई के अलावा अन्य प्रकरणों में निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत सटीक एवं संतोषजनक सूचना उपलब्ध कराना अनिवार्य है। आयोग से संबंधित मामलों में समय से जांच कर गुणवत्तापूर्ण आख्या प्रेषित की जाए। सभी अधिकारी प्राप्त प्रकरणों का निस्तारण गंभीरता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, सहित अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित थे।












