मां बाप की डांट के डर से घर से निकले दो मामूस भाई : ट्यूशन के बहाने साइकिल से 700 किमी दूर जौनपुर अपने दादा दादी के पास जाने को निकले

ट्रक चालक की सतर्कता से सुरक्षित बचे दोनों भाई
सिकंदराराऊ । मां की डांट और पापा के आने के भय से दो मासूम भाई घर छोड़कर निकल गए। दोनों भाई शनिवार को घर से ट्यूशन जाने की बात कहकर निकले, लेकिन दोनों साइकिल लेकर करीब 700 किलोमीटर दूर जौनपुर स्थित अपने दादा-दादी के घर जाने के लिए चल पड़े। गनीमत रही कि एक सतर्क ट्रक चालक की नजर उन पर पड़ गई और उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों भाइयों को सुरक्षित बचा लिया। पुलिस दोनों बच्चों को अपने साथ कोतवाली ले आई। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों बच्चों को उनके पिता के सुपुर्द कर दिया ।
बताया जाता है कि जनपद अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र निवासी इंजीनियर अभिषेक मिश्रा और खुशबू मिश्रा के दो पुत्र हैं। उनका 13 वर्षीय पुत्र अभिनव सेंट्स जोन्स स्कूल में कक्षा छह का छात्र है, जबकि 7 वर्षीय अक्षत कक्षा तीन में पढ़ता है। शनिवार को स्कूल से घर लौटने के बाद घर में रखे कुछ रुपए नहीं मिलने और उन रुपयों से कार खरीदने की बात को लेकर मां ने बच्चों को डांट दिया था। बच्चों को डर था कि शाम को पापा घर आएंगे तो उन्हें डांट पड़ेगी। इसी डर में दोनों दोपहर करीब तीन बजे ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकले, लेकिन ट्यूशन जाने के बजाय वह साइकिल से जौनपुर की ओर चल दिए। हाईवे पर दोनों बच्चों को साइकिल चलाते देख एक ट्रक चालक को शक हुआ। उसने तत्काल सिकंदराराऊ कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कासगंज रोड स्थित सरदला पुल के पास फ्लाईओवर से दोनों बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और शाम करीब आठ बजे थाने ले आई। पुलिस ने दोनों बच्चों को जलपान कराया और प्यार से समझाया । पुलिस ने दोनों बच्चों से पूछताछ करने के बाद उनके परिजनों को सूचना दी। बच्चों के सुरक्षित होने की खबर सुनकर परेशान माता-पिता ने राहत की सांस ली। रात करीब साढ़े नौ बजे पिता कोतवाली पहुंचे । जहां पुलिस ने दोनों बच्चों को उनके पिता के सुपुर्द कर दिया। पिता दोनों बच्चों को अपने साथ अलीगढ़ ले गए।









