कस्बा में अलीगढ़ रोड पर स्थित दामिनी अस्पताल में ऑपरेशन से प्रसव के कुछ घंटे बाद सत्ताईस वर्षीय महिला की हुई संदिग्ध मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच तेज कर दी है। विभाग द्वारा गठित तीन सदस्यीय जांच कमेटी ने सीएचसी की स्टाफ नर्स, आशा कार्यकर्ता और एएनएम के बयान दर्ज किए हैं।
उल्लेखनीय है कि मृतका ने गत शनिवार को एक बेटे को जन्म दिया था, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अत्यधिक रक्तस्राव को मृत्यु का मुख्य कारण बताया गया है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल संचालक और आशा कार्यकर्ता पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया था। परिजनों के भारी विरोध और शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित अस्पताल को पहले ही सील कर दिया है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश ने डिप्टी सीएमओ की अध्यक्षता में एक जांच कमेटी का गठन किया है।
डिप्टी सीएमओ के अनुसार, जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए जल्द ही मृतका के परिजनों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। सभी पक्षों के बयान और साक्ष्यों को एकत्रित करने के बाद अंतिम रिपोर्ट सीएमओ को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










