सिपाही ने कर्तव्य के साथ निरंतर अध्ययन कर हासिल की उपलब्धि : सिपाही से बने अंग्रेजी प्रवक्ता: पुलिस कप्तान ने किया सम्मानित

हाथरस। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर प्रवक्ता (अंग्रेजी) पद पर चयनित आरक्षी राजकुमार को पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित किया है।
सिपाही ने कर्तव्य के साथ निरंतर अध्ययन कर उपलब्धि हासिल की है और पुलिस अधीक्षक ने उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं हैं।

आज पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस कार्यालय में जनपद में नियुक्त आरक्षी राजकुमार को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर प्रवक्ता (अंग्रेजी) के पद पर चयनित होने पर सम्मानित किया गया तथा उन्हें नियुक्ति-पत्र प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।


आरक्षी राजकुमार मूलरूप से जनपद फिरोजाबाद के निवासी हैं तथा वर्ष 2016 बैच के आरक्षी हैं। भर्ती के उपरांत उन्होंने जनपद फतेहगढ़ में प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद जनपद में नियुक्त रहते हुए उन्होंने थाना सादाबाद एवं थाना चंदपा क्षेत्र की पीआरवी-112 पर सेवाएं प्रदान कीं। वर्तमान में वह थाना चंदपा क्षेत्र की डायल-112 पीआरवी संख्या 5152 पर नियुक्त हैं।
आरक्षी राजकुमार ने पुलिस विभाग में अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं अनुशासन के साथ निर्वहन करते हुए निरंतर अध्ययन जारी रखा। उनकी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के परिणाम स्वरूप उनका चयन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज के अंतर्गत प्रवक्ता (अंग्रेजी) पद पर हुआ है। उन्हें श्री बेनी माधव तिवारी इंटर कॉलेज आटा जनपद जालौन में नियुक्ति प्रदान की गई है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने आरक्षी राजकुमार की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पुलिस सेवा की व्यस्तताओं के बीच अपनी लगन और परिश्रम से यह सफलता प्राप्त कर अन्य पुलिसकर्मियों एवं युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने आरक्षी राजकुमार को नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की है।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा एवं पुलिस कार्यालय में अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment