महिला को नशीला पदार्थ खिलाकर किया दुष्कर्म : लिफ्ट देने के बहाने हाथरस ले गया युवक : पति को गाली गलौज कर दी जान से मारने की धमकी

सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में अपने मायके आई एक महिला ने एक युवक पर नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी ने उसके पति को फोन कर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
पीड़िता महिला ने शिकायती पत्र में कहा है कि वह 10 अगस्त की शाम चार बजे करीब वह अपने मायके से ससुराल जनपद अलीगढ़ के थाना इगलास क्षेत्र के गांव लौट रही थी। कांवड़ यात्रा के कारण उसे कोई वाहन नहीं मिला। इसलिए वह सिकंदराराऊ के पंत चौराहे पर खड़ी थी। इस दौरान जनपद मथुरा के सोनई निवासी विवेक पुत्र राधेश्याम वहां आया और उसे बाइक से सासनी तक छोड़ने की बात कही। महिला विवेक के साथ उसकी बाइक पर बैठ गई। विवेक उसे हाथरस हाईवे पर स्थित एक होटल ले गया। वहां खाना खाने के बाद महिला को चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई। जब उसे होश आया तो वह हाईवे के पास एक मकान में थी। उसके कपड़े बिखरे हुए थे और वहां दो महिलाएं व एक युवक मौजूद था। महिलाओं ने पीड़िता को बताया कि विवेक उसे छोड़कर भाग गया है। इसके बाद युवक उसे रात करीब 12 बजे हाथरस के तालाब चौराहे पर छोड़ गया। जहां से वह जैसे-तैसे अपने मायके पहुंची।

महिला ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद विवेक ने उसके मोबाइल से उसके पति का नंबर ले लिया था। 18 अगस्त की रात्रि को विवेक ने उसके पति को फोन कर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment