चालक को नींद का झोंका आने से पलटा कंटेनर : चालक -परिचालक हुए चुटैल : एटा से अलीगढ़ की ओर जा रहा था कंटेनर
सिकंदराराऊ । एनएच 34 के अलीगढ़ रोड स्थित गांव हुसैनपुर के निकट बीती रात एक कंटेनर चालक को नींद का झोंका आने से अनियंत्रित होकर पलट गया ।हादसे के बाद मौके पर वाहनों की लंबी कतार लग गई । हादसे में कंटेनर का चालक -परिचालक चुटैल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम को खुलवाया ।
बताया जाता है कि शुक्रवार की रात्रि 12:30 बजे करीब एक कंटेनर एटा से अलीगढ़ की ओर जा रहा था। जैसे ही कंटेनर गांव हुसैनपुर के समीप पहुंचा। तभी अचानक चालक को नींद का झोंका आ गया। जिससे कंटेनर अनियंत्रित होकर हाइवे पर पलट गया। हादसे में चालक और परिचालक को मामूली चोटें आईं हैं। कंटेनर के पलटने से हाइवे पर लंबा जाम लग गया। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने हाइड्रा की मदद से कंटेनर को हटवाया। जिसके बाद हाइवे पर पुनः यातायात सुचारू हो सका।












