
दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा उन्हें दिव्यांग प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मानसिक मंद बुद्धि दिव्यांग सशक्तीकरण सेवा संस्था, भोजगढ़ी, सासनी के परिसर में दिव्यांग प्रमाण पत्र पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के मानसिक, दृष्टिबाधित, अस्थिबाधित सहित विभिन्न प्रकार के दिव्यांगजनों ने पहुंचकर अपने प्रमाण पत्र के लिए पंजीकरण कराया।
शिविर के दौरान दो दर्जन से अधिक दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में पहुंचे दिव्यांगजनों का परीक्षण कर आवश्यक जानकारी दर्ज की। प्रमाण पत्र के लिए पंजीकरण कराने पहुंचे दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों को प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी भी दी गई, ताकि उन्हें आगे किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। शिविर में अर्थो सर्जन पवन कुमार, मनो चिकित्सक ललित प्रताप सिंह, आकाश शर्मा एवं गगन यादव (सीएमओ कार्यालय) ने दिव्यांगजनों का परीक्षण किया। इस दौरान मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के सदस्य रामगोपाल दीक्षित ने दिव्यांगजनों को रेलवे की ओर से संचालित ‘एक स्टेशन, एक उत्पाद’ योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ-साथ पात्र लोगों को स्टेशनों पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दिव्यांगजनों से इस योजना की जानकारी प्राप्त कर इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया और कहा कि रोजगार के अवसरों का लाभ उठाकर दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि दिव्यांग प्रमाण पत्र दिव्यांगजनों के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसके माध्यम से पात्र दिव्यांगजन शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, पेंशन, शिक्षा, रोजगार एवं अन्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के शिविर आयोजित होने से दिव्यांगजनों को दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलती है। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष योगेश कुमार यादव, जिला अध्यक्ष संतोष तोमर, शिक्षिका शशि प्रभा माहेश्वरी, ज्ञानेंद्र प्रकाश, देव कुमार शर्मा, कुमारी पिंकी, मनोज कुमार, निलेश गुप्ता, विजय सिंह, आयुषी यादव, छाया शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए आगे भी इस प्रकार के शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिविर में पहुंचे दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों ने स्थानीय स्तर पर प्रमाण पत्र पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराने और रोजगार संबंधी जानकारी देने की पहल की सराहना की।









