शातिर किशोरी के पकड़े जाने के बाद मौके पर पहुंची नानी महिला ने चोरी किए आभूषण एवं नगदी बरामद कर शातिर को छोड़ा
सिकंदराराऊ। कस्बा में शातिर महिलाओं का गैंग सक्रिय हो गया है। शातिर महिलाएं वाहनों में यात्रा के दौरान बेखौफ होकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रही हैं। इसी क्रम बुधवार को एक शातिर किशोरी ने ई रिक्शा में सवार महिला के पर्स से नगदी एवं आभूषण पार कर दी। शक होने महिला ने अपने पर्स की जांच की तो महिला ने शातिर किशोरी को कोतवाली के निकट दबोच लिया। जिससे मौके पर खासा हंगामा खड़ा हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। शातिर किशोरी के पकड़ने जाने के बाद मौके पर उसकी नानी भी पहुंच गई। नगदी एवं आभूषण बरामद होने के बाद महिला ने शातिर किशोरी को छोड़ दिया।
बताया जाता है कि थाना हसायन क्षेत्र के गांव कानऊ निवासी मीरा बुधवार की सुबह 10 बजे करीब अपनी पुत्री के साथ रोडवेज बस द्वारा अलीगढ़ से आई थी और पंत चौराहे पर उतर गई। महिला जलेसर बस स्टैंड जाने के लिए एक ई रिक्शा में सवार हो गई। इस दौरान ई रिक्शा में एक शातिर किशोरी महिला के पास बैठ गई। शातिर किशोरी ने महिला के पर्स में रखे 5 हजार रुपए एवं आभूषण पार कर दिए।
कोतवाली के समीप महिला को शक हुआ और उसने अपने पर्स की चैन को खुला देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। महिला ने जब पर्स की जांच की तो उसमें रखी नगदी एवं आभूषण गायब थे। महिला ने तत्काल शातिर किशोरी को मौके पर पकड़ लिया । जिससे मौके पर हंगामा हो गया और लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। इस दौरान मौके पर शातिर किशोरी की नानी भी पहुंच गई। पकड़ी गई शातिर ने बताया कि वह पलवल की निवासी है। महिला ने शातिर किशोरी से चोरी किए आभूषण एवं नगदी बरामद कर उसे छोड़ दिया। घटना को लेकर लोगों के बीच चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।









