विद्यालय की कथित दुर्दशा का वीडियो बनाने का आरोपी गिरफ्तार : खंड शिक्षा अधिकारी ने नामजद के खिलाफ कराई थी रिपोर्ट

सिकंदराराऊ । क्षेत्र के गांव नावली लालपुर में स्थित संविलियन विद्यालय की कथित दुर्दशा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उक्त मामले में खंड शिक्षा अधिकारी ने नामजद युवक के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।


खंड शिक्षा अधिकारी विजय चौहान ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा था कि गांव नावली लालपुर में स्थित संविलियन विद्यालय का कुछ हिस्सा मथुरा-बरेली मार्ग के निर्माण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग टीम द्वारा तोड़ दिया गया था। इसके बाद विद्यालय का नया हिस्सा दूसरी जगह बनाया गया। पुराने भवन का क्षतिग्रस्त हिस्सा अभी भी उसी स्थिति में पड़ा है और बारिश के मौसम में इसका उपयोग नहीं किया जा रहा है। हालांकि, विद्यालय के शेष हिस्से में बच्चों की कक्षाएं नियमित रूप से संचालित हो रही हैं और नए हिस्से में शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध है। 16 अगस्त को गांव नावली लालपुर निवासी कुलदीप यादव विद्यालय पहुंचे। उन्होंने स्कूल के उस खराब हिस्से का वीडियो बनाया, जो पहले से ही उपयोग में नहीं था। वीडियो के माध्यम से भ्रामक तथ्यों को प्रस्तुत कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। इससे शिक्षा विभाग की छवि धूमिल हो रही है, जबकि विद्यालय में कक्षाओं का संचालन व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment