सासनी-इगलास रोड पर मंगलवार सुबह करीब नौ बजे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव बसगोई निवासी करीब तीस वर्षीय सत्येंद्र पुत्र ओमपाल अपनी बाइक पर सवार होकर किसी कार्य के लिए सासनी आ रहे थे। जब वह गांव बसगोई के निकट पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सत्येंद्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही परिजन भी तत्काल मौके पर पहुंच गए और घायल को तुरंत सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अलीगढ़ हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है।









