स्वयं सहायता समूह की दीदियां तैयार कर रहीं तिरंगे, विकास भवन में ₹20 में उपलब्ध

हाथरस। शासन की मंशा एवं जिलाधिकारी अतुल वत्स द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जनपद में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को व्यापक जनभागीदारी के साथ प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की दीदियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का निर्माण कर अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई जा रही है।
इसी क्रम में आरसेटी सासनी में स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा तिरंगा झंडों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही अल्हेपुर चूरसेन, विकास खंड हाथरस में भी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तिरंगा तैयार किए जाने का कार्य किया जा रहा है। जिला विकास अधिकारी द्वारा दोनों स्थानों का निरीक्षण कर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे तिरंगा निर्माण कार्य का जायजा लिया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


जिला विकास अधिकारी ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए तिरंगा झंडों की विकास भवन में बिक्री की जा रही है। तिरंगा झंडे मात्र ₹20 प्रति झंडा की दर से उपलब्ध हैं। जनपदवासी विकास भवन पहुंचकर इन झंडों को क्रय कर सकते हैं और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कर सकते हैं।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को सफल बनाने में सहयोग करें तथा स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा तैयार किए गए तिरंगे को प्राथमिकता से क्रय कर महिला सशक्तिकरण एवं स्थानीय आजीविका को भी प्रोत्साहित करें।


अभियान के अंतर्गत जनपद में बनाए गए सेल्फी प्वाइंटों पर भी आम जनमानस द्वारा उत्साहपूर्वक तिरंगे के साथ सेल्फी ली जा रही हैं। नागरिक पोर्टल पर अपनी फोटो अपलोड कर प्रमाण-पत्र (सर्टिफिकेट) जनरेट कर रहे हैं। विकास खंडों में खंड विकास अधिकारियों सहित आमजन द्वारा भी सेल्फी लेकर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से आह्वान किया गया है कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराएं, तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर पोर्टल पर अपलोड करें और अभियान की डिजिटल सहभागिता का प्रमाण-पत्र प्राप्त करें।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment