सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव कपसिया में एक 20 वर्षीय युवक ने अवसाद के चलते अपने आम के बाग में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिजनों में चीत्कार मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
बताया जाता है कि गांव कपसिया निवासी 18 वर्षीय हेमराज पुत्र कैलाश चंद्र शनिवार की सुबह नौ बजे चाय पीकर घर से निकला था। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा। जिससे परिजनों को चिंता हुई । हेमराज के ताऊ ने ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की। एक व्यक्ति ने उन्हें बताया कि उसने हेमराज को बाग की ओर जाते देखा था। बाग में तलाश करने पर एक आम के पेड़ से हेमराज का शव लटका मिला । जिसके बाद चीख-पुकार मच गई। बताया यह भी जाता है कि हेमराज के पिता कैलाश चंद्र ने पंद्रह वर्ष पूर्व और माता ने दस वर्ष पूर्व आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद हेमराज और उसके छोटे भाई सूरज का उनके ताऊ ने लालन पालन किया था। दो वर्ष पूर्व सूरज की भी ट्रेन से गिरकर मौत हो गई थी । जिसके बाद से हेमराज गुमसुम रहता था और अवसाद में था। मामले की सूचना पुलिस को दी गई । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।









