सिकन्द्राराऊ। कस्बा के प्राचीनतम और ऐतिहासिक रामबाग मंदिर परिसर स्थित लोकेश्वर धाम मंदिर में गुरुवार की रात्रि को चोरों ने धावा बोल दिया।
पवित्र श्रावण मास के दौरान हुई इस घटना को स्थानीय लोगों की सतर्कता से विफल कर दिया गया। आरोपी मौके से फरार होने में सफल हो गया । मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार की रात्रि को एक व्यक्ति मंदिर का ताला काटने की कोशिश कर रहा था। तभी वहां से गुजर रहे एक स्थानीय व्यक्ति की नजर उस पर पड़ी। उसने तुरंत शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। खुद को घिरा देखकर आरोपी मौके पर ब्लेड और अन्य औजार छोड़कर भाग गया । घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने कर्मयोग सेवा संघ के अध्यक्ष और रामबाग संघर्ष समिति के प्रमुख विवेकशील राघव को दी। राघव ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। कोतवाली पुलिस को इस संबंध में लिखित तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर कानूनी कार्यवाहो शुरू कर दी गई है।। उक्त घटना को लेकर विवेकशील राघव ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि एक ओर पवित्र श्रावण मास चल रहा है। वहीं दूसरी ओर रामबाग मंदिर बदहाल स्थिति और गंदगी से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जे हैं और प्रशासन इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहा है। राघव ने यह भी बताया कि पूर्व में भी मंदिर से अष्टधातु की मूर्तियां चोरी हो चुकी हैं। उन्होंने मौजूदा चोरी के प्रयास को सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला बताया। राघव ने प्रशासन से मांग की है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की शीघ्र पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाए। इस मौके पर सुधीर कुमार, विनय पचौरी, आमोद शर्मा, केशव माहेश्वरी, संजीव पुंढीर, वीरेश कुमार और प्रतीक शर्मा आदि मौजूद थे।









