सिकन्द्राराऊ। एनएच 34 के एटा रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति के समीप शादी समारोह से शामिल होकर लौट रहे बाइक सवार ताऊ भतीजे को एक तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई और उसके ताऊ गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक युवक के पिता ने कोतवाली में अज्ञात कार चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है ।
कोतवाली में सुनील कुमार पुत्र ओमप्रकाश निवासी गांव शहबाजपुर थाना विजयगढ अलीगढ ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 23 जुलाई की सुबह 6.15 बजे करीब उनका पुत्र दिनेश कुमार शर्मा उर्फ भूटानी अपने ताऊ सुभाषचन्द्र शर्मा के साथ बाइक पर सवार होकर शादी समारोह में शामिल होकर एटा से वापस अपने गाँव लौट रहा था। जैसे ही बाइक सवार मंडी समिति के निकट पहुंचे। तभी पीछे से तेज गति से आ रही कार के चालक ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिससे दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई और सुभाष गंभीर रूप से घायल हो गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस कार चालक की तलाश में जुट गई है।









