सासनी-विजयगढ़ मार्ग स्थित यूनियन पब्लिक स्कूल में कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और वीर सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना जगाने के लिए एक भव्य कविता वाचन प्रतियोगिता जुलाई। का आयोजन किया गया।
शनिवार को अयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक आकाश सिंह, निदेशिका श्रीमती माधुरी राजावत और उप प्रधानाचार्य प्रमोद प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, उनके बलिदान और मातृभूमि के प्रति समर्पण पर आधारित ओजपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की कविताओं ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। प्रतियोगिता में शगुन, धैर्य, शिवांशी, हिना, योग्य, युक्ति, तृषा, प्रांशी, रिद्धिमा, शिखा, महक और वंश सहित कई विद्यार्थियों ने भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर धैर्य ने प्रथम स्थान, युक्ति व शगुन ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान और योग्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन जानसी द्वारा किया गया, जबकि इसका संपूर्ण आयोजन राजश्री सेंगर और वसुधा सेंगर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।









