श्रीमद्भागवत कथा का हुआ भावपूर्ण विश्राम: भव्य शोभायात्रा ने शहर को किया भक्तिमय

हाथरस। शहर के गौशाला रोड स्थित श्रीकृष्ण गौशाला में गौमाता, श्री गिरिराज भगवान एवं पंडित श्री गयाप्रसाद जी महाराज की पावन तपोभूमि में श्याम गंगा इंडस्ट्रीज़ एवं श्याम गंगा एंटरप्राइजेज द्वारा आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का शुक्रवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ भावपूर्ण विश्राम हुआ।


कथा के अंतिम दिवस आचार्य श्री बल्लभ जी महाराज ने सुदामा चरित्र, श्रीमद्भागवत महापुराण के उपसंहार, राजा परीक्षित के मोक्ष तथा भागवत महात्म्य का अत्यंत मार्मिक एवं प्रेरणादायी वर्णन किया।

कथाव्यास ने कहा कि सुदामा चरित्र हमें सच्ची मित्रता, निष्काम प्रेम, विनम्रता और भगवान पर अटूट विश्वास का संदेश देता है। भगवान श्रीकृष्ण अपने भक्त के प्रेम के भूखे हैं, वैभव के नहीं। सुदामा जी के पास देने के लिए केवल मुट्ठीभर चिवड़ा था, किंतु भगवान ने उनके प्रेम को स्वीकार कर उनके जीवन को सुख-समृद्धि से भर दिया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति श्रद्धा और निष्कपट भाव से भगवान का स्मरण करता है, उसके जीवन के सभी कष्ट भगवान स्वयं दूर कर देते हैं।


कथा विश्राम के उपरांत भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी झाँकियाँ, भजन-कीर्तन एवं जयघोषों के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शोभायात्रा ने नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया, जिससे संपूर्ण शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।कथा समापन के अवसर पर श्रद्धालुओं ने श्रीमद्भागवत महापुराण की आरती कर विश्व के कल्याण, सुख-समृद्धि एवं सनातन धर्म की उन्नति की कामना की।

इस अवसर पर गोविंद बल्लभ ने जानकारी देते हुए बताया कि 28 जुलाई को नई धर्मशाला चामड़ गेट पर सायंकाल दिव्य सत्संग का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं वैदिक परंपरा के अनुरूप बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से दोनों आयोजनों में सपरिवार उपस्थित होकर गुरु कृपा एवं सत्संग का पुण्य लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है।
कथा मे सदर विधायक श्रीमती अंजुला माहौर ने कथा श्रवण कर कथा व्यास श्री बल्लभ जी महाराज महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।इस अवसर पर गिरिराज किशोर अग्रवाल, अजय अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, अमित अग्रवाल, आयुष्मान बंसल, कुशाग्र बंसल,अनुपम अग्रवाल, अनूप अग्रवाल,संजय शर्मा, सत्यपाल मदनावत, श्याम सुंदर शर्मा (बंटी भैया), अतुल अग्रवाल (हींग वाले), पंकज खंडेलवाल एवं राकेश बंसल (हींग वाले) सहित समस्त व्यवस्थापक मंडल एवं हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
आयोजन समिति ने सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त श्रद्धालुओं, सहयोगियों, प्रशासन, मीडिया बंधुओं एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment