मृतक छात्रों के परिवार को 1करोड़ मुआवजा: निष्पक्ष जांच व परीक्षाओं में सुधार की मांग
हाथरस। दिल्ली के जंतर मंतर पर नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के चलते आज भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने छात्रों एवं प्रतियोगी परीक्षार्थियों की समस्याओं को लेकर धरना दिया और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पार्टी पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह को सौंपा। इस दौरान सीओ सिटी हिमांशु माथुर मौजूद थे।
भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने धरना व विरोध प्रदर्शन पार्टी के प्रदेश सचिव,अलीगढ़ मंडल प्रभारी व जिलाध्यक्ष प्रकाशचंद्र गौतम, जिला संयोजक आस मोहम्मद, अरविंद सिंह, तिलक सिंह निगम और कविता सिंह ने संयुक्त रूप से नेतृत्व किया।ज्ञापन के माध्यम से आजाद समाज पार्टी ने देश की शिक्षा व्यवस्था में गिरावट, प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर चिंता व्यक्त की। पार्टी ने राष्ट्रपति से इन मामलों में हस्तक्षेप करने की अपील की है।
भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) पार्टी की प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग शामिल है। इसके साथ ही छात्र आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले प्रत्येक छात्र के परिवार को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता देने की भी अपील की गई है। आंदोलनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्यवाही, छात्राओं के साथ कथित अशोभनीय व्यवहार, सादी वर्दी में मौजूद संदिग्धों की भूमिका और कीलों वाली लाठियों व एक्सपायर्ड आंसू गैस के इस्तेमाल की निष्पक्ष जांच की भी मांग ज्ञापन में की गई है।परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए नीट यूजी और जेईई मेन्स जैसी परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने, सभी सरकारी भर्तियों से परीक्षा शुल्क समाप्त करने, नॉर्मलाइजेशन प्रणाली को खत्म करने और राष्ट्रीय-राज्य स्तर पर वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी करने की मांग की गई। महिला अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र उनके गृह जनपद में ही बनाए जाने का आग्रह भी ज्ञापन में किया गया है।। धरना प्रदर्शन एवं ज्ञापन देने वालों में पूर्व आईपीएस आदित्य प्रकाश वर्मा, मुकेश जाटव, कविता सिंह, तिलक सिंह निगम ,अरविंद सिंह, आस मोहम्मद, अजय कुमार ,बृजेश कुमार अहेरिया, मनोज कुमार, सुरेंद्र कुमार, सविता सिंह एडवोकेट ,मुस्कान मलिक ,अखिल, धर्मेंद्र सिंह, अनूप, धीरज कुमार ,पप्पी कुमारी, जयप्रकाश सिंह, तालेवार सिंह, लीलाधर, टिंकू कुमार, अफजल आदि शामिल थे।









