गौ सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण की तैयारियाँ पूर्ण

27 को देश भर के सभी जिलों से सरकार को सौंपे जाएंगे 15 करोड़ से अधिक हस्ताक्षरों सहित प्रार्थना-पत्र

गौ हत्या-निषेध हेतु केंद्रीय कानून, गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान, केंद्रीय गौ मंत्रालय की स्थापना सहित 30 से अधिक प्रमुख मांगें रखी जाएंगी सरकार के समक्ष

हाथरस। गौमाता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से देशव्यापी स्तर पर संचालित गौ सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण की सभी तैयारियाँ अब पूर्ण हो चुकी हैं। देश भर के सभी जिलों में स्थानीय कार्यकारिणियों द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया गया है तथा संबंधित जिला प्रशासन से आवश्यक अनुमति भी ले ली गई है। आगामी 27 जुलाई को भारत के प्रत्येक जिले में संबंधित जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, संबंधित राज्य के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को जनता की ओर से हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना-पत्र एवं ज्ञापन सौंपे जाएंगे।
विदित हो कि पिछले लगभग छह माह से देशभर के संतों, गौ सेवकों एवं गौभक्तों के नेतृत्व में गौ सम्मान आह्वान अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से सम्पूर्ण भारत में गौहत्या-निषेध हेतु केंद्रीय कानून का निर्माण, गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान प्रदान करना, गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना, केंद्रीय गौ मंत्रालय की स्थापना, केंद्रीय गौ-चारा नीति का निर्माण तथा कृषि, चिकित्सा, पर्यावरण, शिक्षा एवं मानव जीवन से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों को गौ-केंद्रित राष्ट्रीय नीति का हिस्सा बनाने सहित 30 से अधिक प्रमुख मांगें सरकार के समक्ष रखी जायेंगीं। इन मांगों के समर्थन में देशभर में व्यापक जनजागरण एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया गया है।
ज्ञात हो कि अभियान के प्रथम चरण में 27 अप्रैल को देश की लगभग 5,000 तहसीलों के माध्यम से 5 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों सहित राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तथा संबंधित राज्यों के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्रियों को प्रार्थना-पत्र सौंपे गए थे। अभियान के पदाधिकारियों के अनुसार इन मांगों पर अब तक अपेक्षित निर्णय न लिए जाने के कारण अब द्वितीय चरण के अंतर्गत 27 जुलाई को पुनः देशभर के सभी जिलों से अनुस्मारक (रिमाइंडर) प्रार्थना-पत्र सरकार को प्रेषित किए जाएंगे।इस बार अभियान के अंतर्गत सम्पूर्ण भारत से 15 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों सहित प्रार्थना-पत्र सरकार को भेजे जाएंगे। जनपद हाथरस की ओर से भी लगभग 1.5 लाख हस्ताक्षरों सहित संबंधित जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, संबंधित राज्य के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को प्रार्थना-पत्र एवं ज्ञापन सौंपा जाएगा।
जिला प्रभारी ने बताया है कि जनपद में कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। जिले के सभी गौभक्तों से अनुरोध है कि वे प्रातः 7:30 बजे तक श्रीकृष्ण गौशाला पर एकत्रित हों।शुभ मुहूर्त में ठीक प्रातः 8 बजे से गौमाता के पूजन एवं शंखनाद के साथ श्रीराम जय राम जय जय राम विजय मंत्र का सामूहिक जप प्रारम्भ होगा, जो की 9:15 तक चलेगा। विजय मंत्र के उपरांत सभी श्रद्धालु झंडे, बैनर, अभियान संदेशों वाले प्लेकार्ड तथा भजन-कीर्तन के साथ शांतिपूर्ण एवं अनुशासित प्रार्थना-यात्रा के रूप में जिलाधिकारी कार्यालय की ओर प्रस्थान करेंगे।प्रार्थना-यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम के स्वरूप गौमाता बछड़े के साथ सबसे आगे रहेंगे। गौमाता की झांकी तथा अभियान के अंतर्गत संकलित हस्ताक्षरों का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया जाएगा। गौभक्तों की संगठित शक्ति एवं राष्ट्र निर्माण के प्रतीक के रूप में सम्पूर्ण देश में बुलडोजर पर जनता के दर्शनार्थ गौमाता के लिए किए गए हस्ताक्षर पत्रों को शोभायात्रा में सम्मिलित किया जाएगा। इसके पश्चात संत-महात्माओं, जिला कार्यकारिणी, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा नागरिकों के नेतृत्व में प्रार्थना-पत्र एवं ज्ञापन सौंपा जाएगा।।
गौ सम्मान आह्वान अभियान की ओर से समस्त नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे इस राष्ट्रीय जनजागरण अभियान में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनें।इस अवसर पर जिले के संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, मातृशक्ति, युवा, किसान तथा बड़ी संख्या में गौभक्त उपस्थित रहेंगे। उक्त जानकारी प्रेस प्रभारी गौ सम्मान आह्वान अभियान योगेश कुमार सिंह (योगी) ने दी है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment