हाथरस। उत्तर रेलवे के साहिबाबाद स्टेशन पर मालगाड़ी के पटरी से उतरने का ट्रेनों के संचालन पर असर आज तीसरे दिन भी दिखाई दिया। घटना के कारण कई पैसेंजर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

साहिबाबाद रेलवे स्टेशन पर घटित उक्त घटना के बाद हाथरस किला रेलवे स्टेशन से चलने वाली एचएडी पैसेंजर और टूंडला से दिल्ली जाने वाली टीएडी पैसेंजर ट्रेनों का संचालन लगातार आज तीसरे दिन भी रद्द रहा। एचएडी पैसेंजर ट्रेन हाथरस किला स्टेशन से एकमात्र ट्रेन है, जिससे रोजाना बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं।ये दोनों पैसेंजर ट्रेनें उत्तर मध्य रेलवे ट्रैक पर हाथरस के सभी प्रमुख स्टेशनों पर रुकती हैं। इनके रद्द होने से विशेष रूप से दैनिक यात्रियों को भारी असुविधा हुई, जो काम पर जाने या अन्य आवश्यक यात्राओं के लिए इन ट्रेनों पर निर्भर रहते हैं। आज सुबह स्टेशन पहुंचे यात्रियों को जब ट्रेनों के रद्द होने की जानकारी मिली तो काफी लोग बिना यात्रा किए ही वापस लौट गए। यात्री गगन ने बताया कि पिछले तीन दिन से ये पैसेंजर ट्रेनें रद्द हैं और अब उन्हें दिल्ली जाने के लिए दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। ट्रेनों के रद्द होने की सूचना पहले से नहीं दी जाती। उन्होंने कहा कि ऐन वक्त पर बताया जाता है कि ट्रेन नहीं आएगी, जिससे हजारों यात्री तीन दिन से परेशान हैं।
यात्रियों का कहना है कि उन्हें ट्रेनों के रद्द होने की पूर्व सूचना नहीं मिली। यदि रेलवे रात में ही सूचना जारी कर देता तो वे वैकल्पिक व्यवस्था कर सकते थे। अचानक ट्रेनें रद्द होने से लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।









