हाथरस। उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड के सदस्य सागर शर्मा ने शिष्टाचार भेंट की।भेंट के दौरान प्रदेश के दिव्यांगजनों के कल्याण, उनके अधिकारों की प्रभावी सुरक्षा, सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक भवनों को दिव्यांगजन-अनुकूल (सुगम) बनाए जाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई।
राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड के सदस्य सागर शर्मा ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में दिव्यांगजनों को आने वाली समस्याओं से उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया तथा उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया। साथ ही दिव्यांगजन सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न सुझाव भी प्रस्तुत किए।उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक एवं सकारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर सागर शर्मा ने उपमुख्यमंत्री का आत्मीय स्नेह, मार्गदर्शन एवं बहुमूल्य समय प्रदान करने के लिए आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया।









