खाद विक्रेताओं की कालाबाजारी, अधिक मूल्य पर विक्रय, अनियमितता की शिकायत मिली तो होगी कठोर कार्यवाही- डीएम

हाथरस। खरीफ की फसल की बुवाई प्रारंभ होने के साथ ही जनपद में कृषकों को उर्वरको की उपलब्धता निर्धारित मूल्य पर सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने आज कस्बा मुरसान स्थित मै. किसान सेवा केन्द्र तथा कौशिक एग्री जंक्शन केन्द्र मुरसान का औचक निरीक्षण कर स्टॉक की उपलब्धता आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र पर उपलब्ध यूरिया, डीएपी, पोटाश एवं अन्य उर्वरकों के स्टॉक की जानकारी प्राप्त करने के साथ ही स्टॉक पंजिका/किसान खाद बिक्री पंजिका का अवलोकन किया। निरीक्षण में पाया गया कि विक्रय पंजिका पर दिनांक दर्ज नही है, जिस पर जिलाधिकारी ने विक्रेता को पंजिका पर दिनांक दर्ज करने के साथ ही क्रेता का सम्पूर्ण विवरण मोबाइल नंबर सहित दर्ज करने के निर्देश दिए। ताकि आवश्यकता पड़ने पर किसानों से संपर्क कर निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराए जाने का सत्यापन किया जा सके। जानकारी करने पर उर्वरक विक्रेता द्वारा अवगत कराया गया कि उर्वरको की बिक्री निर्धारित मूल्य पर ई-पॉस मशीन के माध्यम से की जाती है। परन्तु वर्तमान में सर्वर में समस्या आ रही है। जिस पर जिलाधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी को सर्वर में आ रही समस्या के समाधन हेतु उच्च स्तर पर सम्पर्क करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि उर्वरकों का विक्रय ई-पॉस मशीन के माध्यम से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के उपरांत ही किया जाना है। उन्होंने खाद विक्रेताओं को निर्देशित किया कि केंद्र पर सभी प्रमुख उर्वरकों के निर्धारित विक्रय मूल्य एवं उपलब्ध स्टॉक का विवरण सूचना पट्ट पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित किया जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि जनपद में किसानों को शासन द्वारा निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। यदि किसी भी खाद विक्रेता द्वारा कालाबाजारी, अधिक मूल्य पर विक्रय अथवा अनियमितता किए जाने की शिकायत प्राप्त होती है तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment